मुंबई: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। 30 जुलाई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे दुनिया भर में जारी किए गए इस चार मिनट से ज्यादा लंबे ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया है।
ट्रेलर में क्या है खास? ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और साउथ सुपरस्टार यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। भव्य विजुअल्स, एपिक बैटल सीन्स, पौराणिक जीवों के शानदार सीजीआई और एआर रहमान-हैंस जिमर के संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण से होती है, जो “तुम्हारा नया राजा” कहते हुए अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हैं। इसके बाद अयोध्या का शांत माहौल, राम-सीता का स्वयंवर, वनवास और अंत में राम का ब्रह्मास्त्र आह्वान जैसे पल दिखाए गए हैं। रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, अरुण गोविल दशरथ और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में भी नजर आईं।
सितारों की जमकर तारीफ सोशल मीडिया पर रणबीर कपूर के दिव्य और शांत राम रूप की सराहना हो रही है। कई यूजर्स उन्हें “RAMbir” कहकर पुकार रहे हैं। यश के रावण को ट्रेलर का असली स्टार बताया जा रहा है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार डायलॉग डिलीवरी ने दर्शकों को प्रभावित किया है। साई पल्लवी की सीता भूमिका को भी शालीन और प्रभावशाली बताया जा रहा है।
सनी देओल का इंतजार ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है सनी देओल का हनुमान। फिल्म में हनुमान का किरदार निभाने वाले सनी देओल की एक भी झलक ट्रेलर में नहीं दिखाई गई है। मेकर्स ने जानबूझकर उनके लुक को सरप्राइज बनाए रखा है।
फैंस सोशल मीडिया पर लगातार पूछ रहे हैं – “हनुमान जी कहां हैं?” कई लोग कह रहे हैं कि जहां राम हैं, वहां हनुमान का दर्शन जरूर होना चाहिए था। हालांकि ज्यादातर दर्शक इस बात से सहमत हैं कि मेकर्स ने सही फैसला लिया है और सनी देओल की एंट्री फिल्म में धमाकेदार होगी।
‘रामायण’ दो भागों में बन रही है। पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। इसमें विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, काजल अग्रवाल समेत कई बड़े कलाकार शामिल हैं।
ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म स्केल, विजुअल्स और भावनाओं के मामले में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकती है। अब पूरे देश का इंतजार सनी देओल के हनुमान अवतार और पूरी फिल्म का है।
Author: saryusandhyanews
SENIOR JOURNALIST



