नई दिल्ली। दिल्ली में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त कार्रवाई में एक 27 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 5.085 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान ओबासे प्रॉस्पर के रूप में हुई है। उसे दिल्ली के आरके पुरम इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी भारत में मेडिकल वीजा पर आया था, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी कथित रूप से अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था।
अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से भी जुड़ाव का आरोप
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी पर ड्रग तस्करी के अलावा एक अंतरराष्ट्रीय रोमांस स्कैम नेटवर्क से जुड़े होने का भी संदेह है। आरोप है कि इस नेटवर्क में फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों को प्रेमजाल में फंसाया जाता था और उसके बाद उनसे आर्थिक ठगी की जाती थी। जांच एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
लखनऊ में साइबर ठगी की जांच से जुड़े तार
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी लखनऊ में दर्ज एक कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी मामले में भी वांछित था। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान ड्रग तस्करी और साइबर अपराध के बीच संभावित संबंधों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Author: saryusandhyanews
SENIOR JOURNALIST




