नई दिल्ली, 4 अगस्त 2026। एयर इंडिया की फुकेत से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2379 में मंगलवार सुबह अचानक गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट गिर गई, जिससे 17 लोग घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार इनमें 13 यात्री और 4 क्रू सदस्य शामिल हैं। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग 11 बजे उतरा।
एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में कहा कि फ्लाइट AI2379 को क्रूज के दौरान संक्षिप्त टर्बुलेंस-संबंधी घटना का सामना करना पड़ा, जिससे ऊंचाई में क्षणिक बदलाव हुआ। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंचा और सभी यात्री व क्रू सदस्यों ने सुरक्षित रूप से विमान छोड़ा। एयरलाइन के अनुसार अभी तक कोई गंभीर चोट की रिपोर्ट नहीं आई है। कुछ यात्री और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें हवाई अड्डे पर मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।
घटना का ब्यौरा फ्लाइट फुकेत से सुबह करीब 8:25 बजे रवाना हुई थी। लगभग डेढ़ घंटे बाद क्रूज के दौरान अचानक टर्बुलेंस शुरू हो गया। कई यात्री उस समय सो रहे थे। यात्रियों के अनुसार विमान अचानक झटके से हिला और कुछ देर तक अस्थिर रहा। कुछ लोग सीट से उछल गए। एक यात्री ने बताया कि 15-20 लोग घायल हुए, जिनमें पीठ, कंधे और सिर की चोटें शामिल हैं।
विमान में लगभग 134-137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। यह एयरबस A320 विमान था। DGCA इस घटना की जांच कर रही है। पायलट ने एक केबिन क्रू सदस्य की गंभीर चोट (स्पाइनल फ्रैक्चर) की रिपोर्ट की है। कुछ घायलों को फोर्टिस वसंत कुंज, मेदांता और अन्य अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। शाम तक कुछ यात्रियों को छुट्टी मिल गई, जबकि बाकी का इलाज जारी है।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी प्रभावित लोगों को पूरा सहयोग दे रही है और जांच एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रही है।
Author: saryusandhyanews
SENIOR JOURNALIST




