नई दिल्ली/मुंबई, 25 जुलाई 2026
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले के कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता (जिन्हें बीरेंद्र गुप्ता भी कहा जा रहा है) को शनिवार को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने पुलिस की टीम ने तीन हफ्ते की तलाश के बाद उन्हें उनके सहयोगी इंद्रजीत सिंह के साथ पकड़ा।
भिवंडी पुलिस के अनुसार, गुप्ता को बिहार में सुबह-सुबह ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है और उन्हें भिवंडी कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी से मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 पहुंच गई है।
पुलिस का दावा है कि बिजेंद्र गुप्ता कई राज्यों में पेपर लीक रैकेट से जुड़े रहे हैं। वे पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद दोबारा सक्रिय हो जाते थे। उनकी पत्नी सुमन गुप्ता को भी पहले बिहार से गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में पता चला है कि गुप्ता ने कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपी कपिल दाहिया के जरिए पुणे के एक व्यक्ति को लीक प्रश्नपत्र बेचने का सौदा किया था। पुणे का वह व्यक्ति अभी फरार है।
मामला जून में टीईटी परीक्षा से ठीक पहले सामने आया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि लीक पेपर बेचने वाला गिरोह भिवंडी आ रहा है। टीम ने घात लगाकर कुछ आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि लीक पेपर को करीब 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की साजिश रची गई थी।
Author: saryusandhyanews
SENIOR JOURNALIST




