Saryu Sandhya News

सरोजिनी नगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रहीमनगर पड़ियाना में ‘टीबी मुक्त पंचायत उत्सव’ का भव्य आयोजन

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के मार्गदर्शन एवं जिला क्षय रोग अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में ‘टीबी मुक्त पंचायत अभियान’ लगातार गति पकड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से ग्राम पंचायतों में टीबी के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है और यह अभियान अब एक बड़े जनभागीदारी का स्वरूप ले चुका है।
इसी क्रम में सरोजिनी नगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रहीमनगर पड़ियाना में ‘टीबी मुक्त पंचायत उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम प्रधान श्री सूरज पाल एवं पूर्व ग्राम प्रधान श्री नन्हे लाल यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली (पोषण सहायता) वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा समाज को टीबी मरीजों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता बरतने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ग्राम प्रधान श्री नन्हे लाल यादव ने कहा कि टीबी से डरने या घबराने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है, बल्कि समय पर जांच और पूरा इलाज कराना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से भावुक अपील करते हुए कहा कि टीबी मरीजों को सामाजिक सहयोग और सही पोषण सहायता प्रदान करें, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर अपने सामान्य जीवन में लौट सकें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेहटा के अधीक्षक डॉ. बी.के. पाठक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे टीबी के प्रति जागरूक बनें, मरीजों का सहयोग करें और अपने गांव को पूरी तरह टीबी मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने ग्रामीणों को बीमारी के मुख्य लक्षणों के प्रति सचेत करते हुए बताया कि:
 * दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना
 * लगातार हल्का बुखार आना
 * अचानक वजन कम होना
 * रात में सोते समय पसीना आना
डॉ. पाठक ने स्पष्ट किया कि यदि किसी में भी ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क जांच एवं उपचार कराना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने “टीबी हारेगा, भारत जीतेगा” का गगनभेदी नारा लगाते हुए अपने गांव को स्थायी रूप से टीबी मुक्त पंचायत बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस जनआंदोलन उत्सव में संस्था प्रतिनिधि गायत्री तिवारी, टीबी यूनिट से सुमित, मिथिलेश एवं अनिल सहित मुख्य सेविका, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, एएनएम, सीएचओ (CHO), शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिया।
saryusandhyanews
Author: saryusandhyanews

SENIOR JOURNALIST

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज