नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार (8 अगस्त 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई। मुलाकात के बाद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसे यादगार बताया।
राघव चड्ढा ने लिखा, “एक सुबह जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मिलने का सौभाग्य मिला। विस्तृत और ज्ञानवर्धक बातचीत हुई। अपना कीमती समय देने और उनके विचारों व मार्गदर्शन से लाभान्वित होने का अवसर देने के लिए हृदय से आभारी हूं।”
यह मुलाकात राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से पहली व्यक्तिगत मुलाकात मानी जा रही है। अप्रैल 2026 में राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सांसदों ने दल बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इनमें से ज्यादातर सांसद पंजाब से जुड़े हुए हैं।
पंजाब चुनावों को लेकर चर्चा
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, मुलाकात के दौरान पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। राज्य में विधानसभा चुनाव करीब हैं और भाजपा अपनी गतिविधियां बढ़ा रही है। इससे एक दिन पहले शिरोमणी अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी प्रधानमंत्री मोदी से मिले थे।
राघव चड्ढा पंजाब के जालंधर से जुड़ाव रखते हैं और राज्यसभा में पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने पार्टी के कई मुद्दों पर समर्थन जताया है। हाल ही में वे राज्यसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष भी नियुक्त हुए थे।
गणेश जी की मूर्ति भेंट की
मुलाकात की तस्वीरों में राघव चड्ढा प्रधानमंत्री मोदी को भगवान गणेश की मूर्ति भेंट करते नजर आए। तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुईं और पंजाब की राजनीति में राघव की संभावित सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
राघव चड्ढा पहले आप के प्रमुख चेहरों में शुमार थे। दिल्ली में विधायक रहने और पार्टी के संगठन में अहम भूमिका निभाने के बाद उन्होंने भाजपा का रुख किया। राजनीतिक विश्लेषक इसे पंजाब में भाजपा की रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं।
मुलाकात के बाद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को अपने लिए प्रेरणादायक बताया। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को भाजपा में उनके और मजबूत होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
Author: saryusandhyanews
SENIOR JOURNALIST




